दुबई। दुनिया के सबसे बड़े बंदरगाहों में शामिल दुबई स्थित जेबेल अली बंदरगाह पर बुधवार देर रात एक भीषण विस्फोट हुआ। यह धमाका इतना भयानक था कि पूरा दुबई शहर हिल उठा। विस्फोट के बाद बंदरगाह से 25 किलोमीटर दूर तक इमारतों और घरों की दीवारों में कंपन महसूस किया गया।



बंदरगाह के अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में अरब प्रायद्वीप के पूर्वी हिस्से में स्थित सबसे व्यस्त जेबेल अली बंदरगाह पर एक जहाज में आग लग गयी। इस धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक यह एक छोटा जहाज था जिसमें 130 कंटेनर तक आ सकते हैं। 





रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोट के करीब ढाई घंटे बाद दुबई के नागरिक सुरक्षा दल ने आग पर काबू पा लिया। धमाके के दौरान दुबई के रहवासियों ने ऊंची इमारतों से घटने का वीडियो रिकॉर्ड किया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें आग की उठती लपटें, जले हुए कंटेनर, राख और बिखरे हुए मलबे को देखा जा सकता है। 





इस धमाके से बंदरगाह को कितना नुकसान हुआ और आसपास कितने जहाज क्षतिग्रस्त हुए इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। साथ ही आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रथम दृष्टया ये अनुमान लगाया जा रहा है कि जहाज के भीतर भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे।



यह भी पढ़ें: टोक्यो में आपातकाल लागू करेगी जापान सरकार, टोक्यो में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले 



दुबई शहर के उत्तरी छोर पर स्थित यह बंदरगाह दुनिया का सबसे बड़ा मानव निर्मित गहरे पानी का बंदरगाह है। जेबेल अली बंदरगाह भारतीय उपमहाद्वीप, अफ्रीका और एशिया से आने वाले कार्गो जहाजों का संचालन करता है। ये बंदरगाह न केवल एक महत्वपूर्ण वैश्विक कार्गो हब है, बल्कि दुबई और आसपास के देशों के लिए एक जीवन रेखा है, जहां से सभी आवश्यक वस्तुओं का आयात होता है।