टोक्यो में आपातकाल लागू करेगी जापान सरकार, टोक्यो में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले

ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होने वाला है, लेकिन टोक्यो में तेज़ी से कोरोना ने मामले बढ़ रहे हैं, इस वजह से जापान सरकार ओलंपिक्स के दौरान स्टेडियम में दर्शकों की मौजूदगी पर प्रतिबंध लगा सकती है

Updated: Jul 08, 2021, 04:20 AM IST

Photo Courtesy: TOI
Photo Courtesy: TOI

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक शुरू होने से ठीक 15 दिन पहले यह खबर आ रही है कि जापान सरकार टोक्यो में आपातकाल लागू करने वाली है। टोक्यो में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर किसी भी समय टोक्यो में आपातकाल लगाया जा सकता है। आपातकाल के लगने से स्टेडियम में दर्शकों की मौजूदगी पर रोक लगा दी जाएगी। फिलहाल ओलंपिक गेम्स के दौरान अधिकतम 50 फीसदी या दस हजार की संख्या में दर्शकों को आने की अनुमति है।

टोक्यो में आपातकाल लगाए जाने को लेकर गुरुवार को निर्णय लिया जाएगा। कोरोना की स्थिति को लेकर जापानी प्रधानमंत्री योशिहीदे सुगा ने बुधवार को बैठक भी की थी। वहीं अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक भी गुरुवार को टोक्यो पहुंच रहे हैं। तीन दिन तक क्वारेंटाइन रहने के बाद वे ओलंपिक के आयोजकों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। 

दरअसल आपातकाल लगाए जाने की संभावना टोक्यो में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के मद्देनजर बढ़ी है। बुधवार को टोक्यो में कोरोना के 922 मामले दर्ज किए गए हैं। 12 मई के बाद टोक्यो में एक दिन में दर्ज किए गए ये रिकॉर्ड मामले हैं। जिस वजह से अब खेलों के दौरान स्टेडियम में दर्शकों की मौजूदगी पर रोक लगाई जा सकती है। टोक्यो में 17 जून को ही आपातकाल हटाया गया था।