फ्लोरिडा। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड के घर FBI की रेड पड़ी है। उन्होंने खुद बताया कि फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) उनके फ्लोरिडा मार-ए-लागो संपत्ति में रेड की है। इस दौरान एफबीआई एजेंटों ने उनकी तिजोरी को भी तोड़ दिया। इस घटना को हमला करार देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल तीसरी दुनिया के देशों में होती हैं।

ट्रंप ने कहा कि यह हमारे देश के लिए काला दिन है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। ट्रंप ने कहा कि उनके घर पर अभी घेराबंदी है। छापेमारी जारी है। एफबीआई ने उसे अपने कब्जे में लिया हुआ है। हालांकि, उन्होंने छापेमारी के कारणों को उजागर नहीं किया। उन्होंने इस कार्रवाई को वर्ष 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में रोकने की कोशिश करार दिया।

यह भी पढ़ें: मणिपुर में तनाव की स्थिति, पांच दिनों के लिए इंटरनेट बैन, दो जिलों में 60 दिनों के लिए धारा 144 लागू

अमेरिकी न्याय विभाग ने ट्रंप के आवास पर छापे की खबरों पर टिप्पणी से इनकार किया है। जांच में शामिल दो अज्ञात लोगों के हवाले से न्यूयॉर्क टाइम्स ने दावा किया है कि उन दस्तावेजों के बक्से की खोज हो रही थी, जो ट्रंप अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद व्हाइट हाउस से फ्लोरिडा स्थित घर ले गए थे। ट्रंप पर राष्ट्रपति भवन छोड़ने के दौरान बक्सों में भरकर कागजातों को ले जाने का आरोप लगा था। उन बक्सों में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। 

ट्रंप ने राष्ट्रीय अभिलेखागार के भी करीब 15 बक्सों को अपने पास रखा था। कार्रवाई की धमकी के बाद उसे वापस किया था। माना जा रहा है कि एफबीआई के हाथ कोई अहम सबूत होगा, तभी वे जजों से सर्च वारंट हासिल करने में कामयाब हुए होंगे।खास बात ये है कि छापेमारी के दौरान ट्रंप फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर नहीं थे। वे न्यूयॉर्क में थे।