ब्राजील में एक प्‍लेन क्रैश हुआ है, जिसमें सवार सभी 62 लोगों की मौत हो गई है। यह एक टर्बोप्रॉप प्‍लेन था, जो शुक्रवार को ब्राजील में साओ पाउलो के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

हादसे का शिकार हुए प्लेन का रजिस्ट्रेशन PS-VPB एक ATR 72-500 है। इसमें कुल 74 लोग सवार हो सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि क्रैश होने के टाइम प्लेन में 62 लोग थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक उड़ान ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि क्रैश से डेढ़ मिनट पहले प्लेन ने ऊंचाई पर जाना छोड़ दिया था। स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 1 बजकर 21 मिनट तक प्लेन 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके बाद महज 10 सेकंड में लगभग 250 फीट नीचे गिर गया।

अगले आठ सेकंड में लगभग 400 फीट ऊपर चला गया। इसके 8 सेकंड बाद 2 हजार फीट नीचे पहुंचा। फिर, लगभग यह तेजी से नीचे उतरने लगा। सिर्फ एक मिनट में लगभग 17 हजार फीट नीचे गिरा और इसमें आग लग गई।

प्लेन रिहायशी इलाके में गिरा, लेकिन इस वजह से जमीन पर कोई हताहत नहीं हुआ। एक आवासीय घर को नुकसान पहुंचा है। एयरलाइन वोएपास ने कहा है कि अभी भी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि दुर्घटना कैसे हुई। विशेषज्ञ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।