ढाका। बांग्लादेश में राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा आ गया है। सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर देश के 23वें राष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्हें संसद में 255 वोट मिले, जबकि विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद को 88 वोट मिले।
नतीजे घोषित होने के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने लाल गुलाब देकर नए राष्ट्रपति को बधाई दी। बाद में दोनों एक दूसरे के गले भी लगे।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए गुरुवार को संसद भवन में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। इस चुनाव में कुल 349 सांसदों ने मतदान किया।
लगभग 35 वर्षों के बाद, बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के ज़रिए हुआ था।आलमगीर सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के प्रमुख विरोधियों में रहे हैं। साल 2024 में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बाद शेख़ हसीना को सत्ता से बेदख़ल कर दिया गया था।
शेख़ हसीना फ़िलहाल भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की है। आलमगीर ने मुश्किल दौर में बीएनपी का नेतृत्व संभालने में अहम भूमिका निभाई और उन्हें कई बार गिरफ़्तार भी किया गया। बांग्लादेश में राष्ट्रपति का पद मुख्य रूप से औपचारिक है। हालांकि, प्रस्तावित सुधारों के तहत राष्ट्रपति के पद को अधिक शक्तियां दी जा सकती हैं, ताकि देश के शीर्ष नेताओं के बीच सत्ता का संतुलन बनाया जा सके।