वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। उनका यह आदेश सोमवार को 12:01 बजे ET (0401 GMT) से प्रभावी हो जाएगा। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने यह कदम अमेरिका को विदेशी आतंकवादियों से बचाने के लिए उठाया है। इस लिस्ट में एशिया और अफ्रीका महाद्वीप के देश शामिल है। ट्रंप के ट्रैवल बैन की जद में भारत के दो पड़ोसी देश भी हैं।

ट्रंप के ट्रैवल बैन से प्रभावित होने वाले देशों में अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल है। इसके अलावा सात अन्य देशों - बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला - के लोगों के प्रवेश पर आंशिक रूप से प्रतिबंध रहेगा।

आंशिक प्रतिबंध वाले देशों से कुछ अस्थायी कार्य वीजा की अनुमति दी जाएगी। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि जैसे ही दुनिया भर में खतरे उभरेंगे, नए देश जोड़े जा सकते हैं। इस कदम से शरणार्थी मार्गों के बाधित होने और आव्रजन को और प्रतिबंधित करने की उम्मीद है। ट्रंप ने दोबारा राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठने के बाद से अवैध प्रवासियों पर अपनी कार्रवाईयों का विस्तार किया है।

ट्रंप के आदेश में कहा गया है कि यह बैन 2026 फुटबॉल वर्ल्डकप या 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा करने वाले एथलीटों पर लागू नहीं होगा। अमेरिका 2026 फुटबॉल वर्ल्डकप को कनाडा और मैक्सिको के साथ होस्ट करने वाला है। साथ ही यह बैन इन देशों के राजनयिकों पर लागू नहीं होगा।