नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात का एक चार वर्षीय बच्चा चर्चा का विषय बना हुआ है। सईद राशिद नामक इस बच्चे ने किताब लिखी है। सईद राशिद के इस कारनामे को गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
सईद राशिद ने द एलीफेंट सईद एंड बीयर नामक एक किताब लिखी है। यह किताब हाथी और पोलर भालू की दोस्ती पर केंद्रित है। सईद ने हाथी के कैरेक्टर को अपना नाम दिया है।
किताब की कहानी के मुताबिक सईद नामक हाथी पिकनिक मनाने के लिए जाता है। लेकिन उसका सामना पोलर भालू से होता है। हाथी भय से आशंकित हो जाता है कि पोलर भालू उसे खा लेगा लेकिन बाद में भालू के प्रति हाथी प्रेम भाव दर्शाता है और वह भालू को भी अपनी पिकनिक में शामिल कर लेता है। जिसके बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो जाती है।
सईद राशिद की इस किताब को मार्च महीने में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने वेरिफाई किया था। हालांकि सईद राशिद किताब लिखने वाला अपने परिवार का पहला व्यक्ति नहीं है। सईद से पहले उसकी बड़ी बहन अलधाबी भी आठ वर्ष की उम्र में द्विभाषी किताब लिख चुकी हैं और उनका नाम भी गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।
सईद का भी कहना है कि उसे किताब लिखने की प्रेरणा अपनी बड़ी बहन से मिली है। सईद ने कहा कि जब उसकी बड़ी बहन ने किताब लिखी तब उसे भी लगा कि एक किताब लिखनी चाहिए। जिसके बाद उसने अपनी कल्पनाशक्ति का उपयोग करते हुए अपने विचारों को किताब का रूप से दिया।