राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। 12 लोग ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। जबकि गंभीर रूप से घायल 2 बच्चों समेत 4 लोगों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसा राजगढ़ जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर पीपलोदी के पास हुआ है। ट्रैक्टर में राजस्थान के इकलेरा के समीप स्थित मोतीपुरा गांव से तातूड़िया परिवार की एक बारात राजगढ़ के पास देहरीनाथ पंचायत के गांव कमालपुर आ रही थी। खामखेड़ा से कुछ दूर पिपलौदी मोड़ पर ट्रैक्टर सड़क से उतरकर खाई में जा गिरा और पलट गया।

हादसे में मरने वाले सभी लोग राजस्थान के झालावाड़ और बारां जिले के रहने वाले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रैक्टर का ड्राइवर शराब के नशे में था। ट्रॉली में करीब 70 बाराती थे। मौत उनकी हुई जो ट्रॉली के नीचे दब गए थे। मरने वालों में 5 महिलाएं, 5 बच्चे और 18 से 20 साल के 3 युवक हैं। 

हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शोक व्यक्त किया है। सीएम यादव ने कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।