इंदौर। मध्य प्रदेश के सांवेर उज्जैन रोड पर गुरुवार सुबह पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में करोड़ों रुपए से भरे तीन बैग मिले। इन बैग में 500 रुपए के नोटों की सैकड़ों गड्डियां रखी थी। शुरुआती जांच में इन नोटों के बीच बड़ी मात्रा में रंगीन कागज भी पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम करीब 2 करोड़ 83 लाख रुपए आंकी गई है। फिलहाल नोटों की असलियत की जांच कराई जा रही है और पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण थाना पुलिस को सुबह सड़क किनारे तीन लावारिस बैग पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरजाशंकर महोबिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक वहां आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों बैग को खोलकर देखा तो उनमें 500 रुपए के नोटों की गड्डियां करीने से रखी हुई थी। हालांकि, गहराई से जांच करने पर कई गड्डियों में ऊपर और नीचे असली जैसे नोट रखे मिले। जबकि, बीच में अलग अलग रंगों के कागज भरे हुए थे।
यह भी पढ़ें:MP में कांग्रेस का चक्काजाम, आगरा-मुंबई हाईवे पर थमी रफ्तार, ग्वालियर-मुरैना में कांग्रेसजन गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों बैग से कुल 566 गड्डियां बरामद हुई हैं। इनमें से करीब 130 से ज्यादा गड्डियों में नोटों की जगह रंगीन कागज पाए गए। शुरुआती तौर पर कुछ नोट असली दिखाई दे रहे थे। लेकिन इनके बीच रंगीन कागज पाए जाने के बाद नकली नोटों की आशंका जताते हुए इनकी विशेषज्ञों से जांच कराई जा रही है। महू के एडिशनल एसपी रुपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि एक किसान ने सुबह करीब 10 बजे सड़क किनारे पड़े बैगों की जानकारी पुलिस को दी थी।
जांच में सामने आया है कि कुछ गड्डियों में ऊपर असली नोट लगाए गए थे। जबकि, नीचे नकली नोट और बीच में कागज रखे गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये बैग वहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या मकसद था। मामले की जांच के लिए पुलिस हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही नोटों को जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद रकम असली है या किसी बड़े फर्जीवाड़े का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में रिश्ते शर्मसार, 75 वर्षीय वकील ने 5 साल की मासूम से किया दुष्कर्म