भोपाल में रिश्ते शर्मसार, 75 वर्षीय वकील ने 5 साल की मासूम से किया दुष्कर्म
भोपाल की ई3 अरेरा कॉलोनी में 75 वर्षीय वकील विजय सोनी ने पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम छात्रा से दुष्कर्म किया। बच्ची आरोपी की नातिन के साथ खेलने गई थी।
भोपाल। राजधानी भोपाल की ई3 अरेरा कॉलोनी में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। हबीबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली किंडरगार्डन छात्रा के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले 75 वर्षीय वकील ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बच्ची के परिवार का परिचित था और उसकी नातिन के साथ पीड़िता अक्सर खेलती थी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 3 मई की शाम की है। बच्ची रोज की तरह पड़ोस में रहने वाले वकील विजय सोनी के घर खेलने गई थी। आरोपी अपने बेटे बहू और नाती पोतों के साथ वहीं रहता है। इसी दौरान उसने बच्ची को बहाने से एक कमरे में बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म किया। घटना के समय घर में अन्य बच्चे भी मौजूद थे। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने मासूम को अकेला कर लिया।
यह भी पढ़ें:MP के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
वारदात के बाद बच्ची घर लौट आई लेकिन रात में उसने अपनी मां से प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की। परिजनों ने जब जांच की तो शरीर पर खरोंच के निशान दिखाई दिए। बच्ची की हालत देखकर परिवार घबरा गया और तुरंत उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टर ने बच्ची के साथ गलत काम होने की आशंका जताई। जिसके बाद परिवार सीधे पुलिस के पास पहुंचा।
हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने बच्ची और परिजनों के बयान लिए। पूछताछ में मासूम ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले नाना ने उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची आरोपी को इसी नाम से बुलाती थी। बयान सामने आते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली।
यह भी पढ़ें:पक्षिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद बिगड़े हालात, सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की गोली मारकर हत्या
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
थाना प्रभारी संजीव चौकसे के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश करता रहा लेकिन बाद में उसने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और पीड़ित बच्ची व उसके परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें:शिक्षक भर्ती में देरी पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा, भोपाल में DPI कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन




