मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात हुई। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी ने सीमेंट व्यापारी को उसके घर के दरवाजे पर गोली मार दी। गोली व्यापारी की पसलियों को चीरते हुए पेट में जाकर फंस गई जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। घायल कारोबारी को पहले ग्वालियर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने व्यापारी के मुरैना स्थित घर का दरवाजा खटखटाया और उसे नाम लेकर बाहर बुलाया। जैसे ही व्यापारी कृष्णकांत शुक्ला ने दरवाजा खोला वैसे ही आरोपी ने नजदीक से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली लगते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। कृष्णकांत शुक्ला टीचर कॉलोनी रामनगर के निवासी हैं और सिरमिती गांव में सीमेंट का व्यवसाय करते हैं। वह रोजाना मुरैना से गांव जाकर अपना कारोबार संभालते थे।

यह भी पढ़ें:सागौन तस्करी में लिप्त मिला पन्ना टाइगर रिजर्व का वनरक्षक, वन विभाग ने किया सस्पेंड

घायल के भाई दीपू शुक्ला ने बताया कि गांव के हरेंद्र शुक्ला पुत्र रामनिवास शुक्ला से परिवार की पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। उनका कहना है कि रिटायर्ड फौजी हरेंद्र शुक्ला ने इस वारदात को अंजाम दिया है। वहीं, घायल की पत्नी रजनी शुक्ला ने बताया कि हमलावर कौन था यह स्पष्ट नहीं है लेकिन सामने आने पर वह पहचान सकती हैं।

परिवार के अन्य सदस्यों ने इस हमले के पीछे लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को वजह बताया है। घायल के चाचा शिवचरण शुक्ला के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच दो पीढ़ियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष ने करीब 15 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि गोली चलाने के बाद आरोपी से हाथापाई भी हुई थी। उनका कहना है कि यदि और गोलियां चलाई जाती तो कृष्णकांत की मौके पर ही मौत हो सकती थी।

यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: टूर्नामेंट के बीच टीम इंडिया को लगा झटका, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और प्रारंभिक जांच में हरेंद्र शुक्ला का नाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को एक खाली खोखा भी बरामद हुआ है। एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी रिटायर्ड फौजी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।