गुना में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, बेटे की चाह में आरोपियों ने ले ली जान

बताया जा रहा है कि आरोपी धनराज बंजारा का परिवार, मृतक की बेटी से अपने बेटे की दूसरी शादी करना चाहता था, जिसका मना करने पर यह गोलीकांड हुआ है।

Updated: Apr 12, 2024, 01:38 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, गोली लगने से उसकी बेटी भी घायल हो गई। बताया जा रहा है कि यह हत्या पुत्र की चाह में की गई है। शुक्रवार सुबह मृतक के शव का जिला अस्पताल में पीएम किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना म्याना क्षेत्र गोपालगढ़ गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी धनराज बंजारा का परिवार, मृतक की बेटी से अपने बेटे की दूसरी शादी करना चाहता था, जिसका मना करने पर यह गोलीकांड हुआ है। आरोपी के परिवार के बेटे की शादी पहले ही मृतक के बडे़ भाई की बेटी से हो चुकी थी, लेकिन बेटा नहीं होने से वह अब दूसरी शादी कराना चाह रहे थे। 

मृतक के बड़े भाई गंगा ने बताया कि उनके सबसे बड़े भाई दयाराम की बेटी की शादी आरोपी के बेटे से हुई थी। उसने दो बेटियों को जन्म दिया। उसे बेटा नहीं हो रहा था। इस कारण उसका पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। आरोपी भूरा की बेटी से उसके लड़के की शादी कराने का दवाब बना रहे थे। उनका कहना था कि जिस लड़की से शादी हुई, उसे बेटा नहीं हो रहा। इसलिए भूरा अपनी बेटी से उसकी शादी करा दे।

भूरा ने अपनी गोद बेटी की शादी कहीं और तय कर दी थी। डेढ़ महीने बाद उसकी शादी होनी थी। इस कारण आरोपी पक्ष नाराज हो गया और वारदात को अंजाम दिया। फायर में भूरा के पूरे शरीर में छर्रे लगे। इससे वह निढाल हो कर गिर पड़ा। वहीं बेटी पिंकी के कंधे में भी छर्रे लगे। वह भी घायल हो गई। परिवार वाले दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने भूरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिंकी के कंधे में लगा छर्रा निकाल दिया गया। वह खतरे से बाहर है।