रायपुर में गुटखा माफिया पर बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ के प्रतिबंधित गुटखा जब्त
रायपुर के खमतराई में पुलिस और GST विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर 2 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित गुटखे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। खमतराई थाना क्षेत्र में रविवार को छापेमारी कर करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का गुटखा जब्त किया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में गुटखे का स्टॉक मिला। अब इस खेप के स्रोत, कारोबार से जुड़े लोगों और इसकी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।
गुटखा बरामद होने के बाद पुलिस ने राज्य और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जीएसटी अधिकारियों ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित गुटखा कहां तैयार किया गया था और इसे किन शहरों व राज्यों में भेजने की योजना थी। इसके अलावा स्टॉक रखने और माल की ढुलाई के दौरान टैक्स चोरी किए जाने की आशंका की भी जांच होगी। अधिकारियों की नजर कारोबार से जुड़े लोगों और उनके आपसी नेटवर्क पर है।
यह भी पढ़ें:अर्नब के बाद मुरासु तूफान का असर, 5 नवंबर तक MP के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
रायपुर में गुटखे के कारोबार को लेकर इससे पहले बीते 26 सितंबर को भी बड़ी कार्रवाई हुई थी। उस दौरान डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पर छापा मारा था। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने तीन गाड़ियों से पहुंचकर गोदाम की तलाशी ली थी। कार्रवाई के दौरान वहां से सितार ब्रांड के 50 से अधिक बोरे गुटखा बरामद किए गए थे। टीम ने स्टॉक के साथ वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की थी। गोदाम मालिक सहित कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई थी।
सितंबर में हुई जांच के दौरान गुटखा कारोबारी बंटी का नाम सामने आया था। संबंधित गोदाम को उसके कारोबार से जुड़ा बताया गया था। इसके अलावा दुर्ग में उसके एक कारोबारी साझेदार के होने की जानकारी भी मिली थी। जांच में आशंका जताई गई थी कि महाराष्ट्र के कल्याण के पास स्थित एक फैक्ट्री में गुटखा तैयार कराया जा रहा था। वहां से माल छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में पहुंचाया जाता था। रायपुर में अब हुई नई कार्रवाई के बाद इस तरह के अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क की जांच भी अहम हो गई है।
यह भी पढ़ें:अमेरिका के फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश, पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत
इससे पहले दुर्ग जिले के कुम्हारी में भी सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर कार्रवाई कर चुकी है। कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में स्थित इस फैक्ट्री में सितार ब्रांड का गुटखा तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और तैयार माल के करीब 30 बोरे जब्त किए थे।




