सीधी के बाद अब सागर में अत्याचार, दलित युवक को बेरहमी से पीटा

मध्य प्रदेश के सागर में एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक को कुछ लोगों ने निर्वस्त्र करके पीटा।

Updated: Aug 18, 2023, 07:07 AM IST

सागर। भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलित आदिवासियों के साथ अत्याचार के मामले नहीं थम रहे हैं। पहले सीधी का पेशाब कांड, फिर इंदौर में आदिवासी युवकों की बेरहमी से पिटाई के बाद अब सागर में दलित युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया है।

वायरल वीडियो में युवक को नंगा करके प्लास्टिक के डंडे से पांच-छह लोग पीट रहे हैं। युवक उसके बाद दूसरे वीडियो में निर्वस्त्र अवस्था में माफी मांग रहा है। उसे लोग अंडरवियर पहनने से भी रोक रहे है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर वायरल वीडियो की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने एक प्रेस नोट भी जारी किया है।

घटना सागर जिले के मोती नगर थाना इलाके की बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल पीड़ित युवक से पूछताछ कर रही है। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि उसका नाम मनोज अहिरवार है। वह मोती नगर थाना इलाके के बरतूमा का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, घटना अक्टूबर 2022 की है। आरोपियों ने गल्ला मंडी के बालाजी धर्म कांटे पर मनोज की पिटाई की थी। पुलिस पीड़ित मनोज से पूछताछ के साथ-साथ उसका रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। इस मारपीट के आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवकों ने पीड़ित को चोरी के शक में पीटा था। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि तीन-चार युवकों ने पहले दलित युवक को निर्वस्त्र किया और उसके बाद उसे पर लाठी-डंडों, पाइप से हमला कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने दलित को एक कोने में बैठाकर उसकी हथेलियों पर वार करना शुरू किया। इस बीच पीड़ित लगातार उनसे छोड़ दने की अपील कर रहा है। हालांकि, उसकी इस गुहार का आरोपियों पर कोई असर नहीं होता है।