महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, अमिताभ बच्चन का फूंका पुतला, चुप्पी पर उठाए सवाल

महंगाई के विरोध में भोपाल कांग्रेस का लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार का फूंका पुतला, अभिनेताओं की चुप्पी पर उठाए सवाल

Updated: Apr 08, 2022, 10:22 AM IST

भोपाल। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज लगातार तीसरे दिन धरना-प्रदर्शन किया। खास बात ये है कि महंगाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने इस बार सत्ताधारी दल के किसी नेता के बजाए बॉलीवुड के अभिनेताओं का पुतला फूंका।

शुक्रवार को राजधानी भोपाल स्थित शिवाजी नगर बस स्टाप पर विधायक पीसी शर्मा की अगुआई में कांग्रेस के सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार की चुप्पी पर सवाल उठाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों अभिनेताओं का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान 'अमिताभ जी कुछ बोलो, अपना मुंह खोलो' के नारे लगाते दिखे। इस दौरान पीसी शर्मा ने कहा कि, 'जब UPA सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़ते थे, तब अभिनेता अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार सोशल मीडिया पर खूब तंज कसते थे। अब बीजेपी की सरकार में पेट्रोल, डीजल के दामों में ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी हो रही है, गरीब और मध्यम वर्ग का जीना दूभर हो गया है, तो दोनों अभिनेताओं ने चुप्पी साध ली है। उनके मुंह से महंगाई के खिलाफ एक शब्‍द नहीं निकल रहा है।'

यह भी पढ़ें: मानहानि के केस में दिग्विजय सिंह हुए बरी, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर नहीं हुए कोर्ट में पेश

बता दें कि अमिताभ बच्चन ने यूपीए सरकार के दौरान पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर कहा था कि पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में लगता है कि लोग अब गाड़ी कैश में लेंगे और पेट्रोल लोन लेकर खरीदना पड़ेगा। अक्षय कुमार ने भी तब साइकिल से घूमना शुरू कर दिया था। लेकिन अब वे महंगाई के खिलाफ कोई ट्वीट नहीं करते। इसलिए कांग्रेस नेताओं ने दोनों अभिनेताओं के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया है।