जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील के आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात मंदिर और मस्जिद में एक साथ चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान विवाद शुरु हो गया। यह विवाद कुछ ही देर में हिंसक रूप में बदल गया और मारपीट और पथराव होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बल प्रयोग कर हालात पर काबू पा लिया। प्रशासन के अनुसार, किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही कोई हताहत हुआ है। अब क्षेत्र में शांति है लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है।
घटना गुरुवार रात लगभग साढ़े नौ बजे वार्ड संख्या 5 स्थित आजाद चौक में हुई। यहां मस्जिद और दुर्गा मंदिर आमने-सामने स्थित हैं। उस समय मंदिर में आरती और मस्जिद में रमजान की नमाज चल रही थी। जानकारी के मुताबिक, लाउडस्पीकर बजाने को लेकर दोनों समुदायों के कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान अफवाह फैली कि मंदिर की ग्रिल तोड़ दी गई है। जिसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया और पथराव होने लग गई। आसपास खड़े वाहनों और कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई।
यह भी पढ़ें:भ्रामक विज्ञापन मामले में बढ़ी ऋतिक रोशन की मुश्किलें, झालावाड़ कंज्यूमर कोर्ट ने भेजा नोटिस
सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समय रहते पर्याप्त संख्या में पुलिस बल पहुंच जाने से स्थिति को ज्यादा बिगड़ने से रोक लिया गया। अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल पर डेरा डाले रखा और हालात की निगरानी की। पुलिस ने अब तक दोनों पक्षों के कुल 25 लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल धारा 144 लागू नहीं की गई है क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है। आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है और अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाई गई है। आजाद चौक और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। जबकि, जबलपुर से भी अतिरिक्त फोर्स भेजकर पेट्रोलिंग कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें:इंदौर: रेसीडेंसी कोठी की रसोई में कॉकरोच-कीड़े मिले, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने छोड़ा खाना