इंदौर: रेसीडेंसी कोठी की रसोई में कॉकरोच-कीड़े मिले, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने छोड़ा खाना

इंदौर में जहां राज्यपाल ठहरे थे, उसी रेसीडेंसी कोठी के किचन में कॉकरोच और सड़ी-गली सामग्री पाई गई। इसपर राज्यपाल भड़क गए और खाना खाने से इनकार कर दिया।

Updated: Feb 19, 2026, 07:13 PM IST

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल की मेहमानवाजी बड़ी लापरवाही हुई है। इंदौर के मशहूर रेसीडेंसी कोठी में राज्यपाल ठहरे हुए थे। उसी रेसीडेंसी की रसोई में गंदगी के साथ कॉकरोच और सड़ा हुआ खाना मिला। जिस पर राज्यपाल भड़के उठे और खाना खाने से साफ इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा को तलब किया गया है।

दरअसल, राज्यपाल मंगलवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय यानी DAVV के दीक्षांच समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर पहुंचे थे। वह रेसीडेंसी कोठी के रूम नंबर एक और दो में ठहरे हुए थे। जब सुबह निरीक्षण के लिए एडीसी नरेंद्र रावत (आइपीएस) और उनके साथ आए अधिकारी विपुल शाह जब किचन पहुंचे, तो गंदगी देखकर हैरान रह गए। रसोई में कॉकरोच और कीड़े घूम रहे थे। बर्तन गंदे पड़े हुए थे। 

इस मामले को लेकर अधिकारियों ने राज्यपाल को जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने भोजन करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को दाग और धब्बों वाली बेडशीट दी गई थी। उन्होंने साफ सुथरी बेडशीट मांगी तो कर्मचारी उचित जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद अधिकारियों ने किचन का निरीक्षण तो उसमें भी सड़ी-गली सामग्री के साथ कॉकरोच घूमते नजर आए। जिसके बाद अधिकारियों ने किचन इंचार्ज राकेश सिंह और अमित शर्मा को जमकर फटकार लगाई।

बता दें कि, हाउसकीपिंग की जिम्मेदारी रतन एंपोरियम सिक्योरिटी कंपनी के पास है। कंपनी के संचालक का कहना है कि उनका भुगतान जुलाई 2023 से लंबित है। हाल में ही उन्हें केवल चार लाख रूपये मुहैया कराएं गए हैं। कंपनी की ओर से भुगतान अटकने के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित होने की बात कही गई है।