डबरा। मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी के गृह क्षेत्र डबरा में महिलाओं और बच्चों की हालत बदतर है। महिलाओं के नाम पर राजनीति करने वाली इमरती देवी ने इस बात पर शायद ही ध्यान दिया होगा कि उनके डबरा कस्बे में हर एक हज़ार पुरुषों पर महिलाओं की आबादी का अनुपात यानी सेक्स रेशियो महज 841 है। यह मध्य प्रदेश के औसत सेक्स रेशियो 931 से भी 90 अंक यानी काफी नीचे है। बच्चों में लड़के और लड़कियों का अनुपात महज 833 ही है, यानी बड़ों के अनुपात से भी खराब। जबकि पूरे मध्य प्रदेश में बच्चों के लिए यह अनुपात 918 है। 

डबरा कस्बे का प्रदर्शन महिला साक्षरता दर में भी बेहद चिंताजनक है। 2011 की जनगणना के हिसाब से शहर की साक्षरता दर 70.65 फीसदी है जो प्रदेश की औसत साक्षरता दर 69.32 फीसदी से बेहतर है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि डबरा की मात्र 58.44 फीसदी महिलाएं ही साक्षर हैं, जबकि पुरुषों की साक्षरता दर 80.94 फीसदी है।

पूरे डबरा तहसील की बात की जाए तो औसत सेक्स रेशियो 860 है। यह आंकड़ा भी राज्य के सामान्य औसत से 71 अंक नीचे है। यानी डबरा का इलाका महिलाओं के विकास में सबसे पिछड़ा और रोकनेवाला है। डबरा इलाके में शहरी की बजाय ग्रामीण आबादी ज्यादा है, लेकिन गांवों में लोग शहरों के मुकाबले कम पढ़े-लिखे हैं। 

साल 2011 की जनगणना के मुताबिक डबरा तहसील के 43.7 फीसदी लोग शहरी इलाकों में और 56.3 फीसदी लोग ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। शहरी इलाकों में रहने वालों की औसत साक्षरता दर 77.8 फीसदी है, जबकि  ग्रामीण इलाकों में यह दर सिर्फ 65 फीसदी है। शहरी इलाकों का सेक्स रेशियो 852 है जबकि ग्रामीण इलाकों में यह अनुपात 866 है। 

और पढ़ें: गाली-गलौज पर उतरीं इमरती देवी, पूर्व सीएम कमलनाथ को बताया लुच्चा-लफंगा और शराबी

1 लाख से ज्यादा महिला मतदाता लेंगी चुनाव में हिस्सा

डबरा विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिहाज से बेहद हाई प्रोफाइल हो चुका है। क्योंकि यहां से तीन बार की विधायक रही इमरती देवी अभी राज्य में महिला बाल विकास मंत्री हैं और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़नेवाले नेताओं की श्रेणी में अग्रणी रही हैं। उन्होंने चुनाव में अपने महिला होने और उनपर पूर्व मुख्यमंत्री के तंज को भी काफी भुनाने की कोशिश की भी है। इस बार उनके इस इलाके से 1 लाख से ज्यादा महिला मतदाता चुनाव में हिस्सा लेने जा रही हैं। इमरती देवी ने इसीलिए शायद महिला सेंटिमेंट को उभारने में कोी कसर नहीं छोड़ी है। 

डबरा क्षेत्र में कुल 2 लाख 18 हजार 131 मतदाता हैं जिनमें पुरुषों की संख्या 1 लाख 16 हजार 836 और महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 1 हजार 288 है।

और पढ़ें: इमरती देवी ने पहले कहा भाड़ में जाए पार्टी, फिर बोलीं बीजेपी की पूजा करती हूं

स्थानीय समस्याएं चुनाव में बनेंगी मुद्दा

डबरा के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पेयजल की उपलब्धता एक बड़ी समस्या है। जिसका निराकरण नहीं हो पा रहा है। इलाके में अवैध रेत का उत्खनन, बेरोजगारी, शराब का अवैध कारोबार भी बड़ी समस्या है। डबरा में अवैध रेत का परिवहन और इससे होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में शासन प्रशासन अक्सर नाकाम होता दिखाई देता है। डबरा के सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है। जिससे यहां के गंभीर मरीजों को ग्वालियर रैफर करने की जरूरत पड़ती रहती है। यहां बीजेपी की इमरती देवी और कांग्रेस के सुरेश राजे में कांटे की टक्कर है।