मंत्री सारंग से मुलाकात के बाद डॉक्टरों की हड़ताल स्थगित, काम पर लौटे सभी शासकीय चिकित्सक

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के साथ चर्चा के बाद चिकित्सा महासंघ ने खत्म की हड़ताल, महासंघ की मांगों को लेकर बनेगी हाईपावर कमेटी

Updated: Feb 17, 2023, 07:53 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग से चर्चा के बाद चिकित्सक महासंघ ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने महासंघ की मांगों को लेकर हाईपावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। यह कमेटी चिकित्सा महासंघ की मांगों पर विचार कर समय सीमा के भीतर राज्य सरकार को रिपोर्ट देगी।

दरअसल, प्रदेशभर में 13 हजार शासकीय डॉक्टर आज से हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल के कारण राजधानी भोपाल सहित अन्य सभी जगहों पर चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई। मरीज इलाज के लिए इधर उधर भटक रहे थे। स्थिति बिगड़ता देख राज्य सरकार तत्काल एक्शन में आई और मंत्री सारंग महासंघ के प्रतिनिधियों से बात करने पहुंचे। इस मुलाकात के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल स्थगित करने का ऐलान कर दिया।

डॉक्टरों से मुलाकात के बाद मंत्री सारंग ने कहा, "मैं चिकित्सा महासंघ को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हड़ताल को खत्म करने का फैसला लिया है। हमारी सरकार संवाद करने वाली सरकार है। कोरोना के समय में डॉक्टरों ने बहुत अच्छा काम किया था। प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था में कहीं कोई दिक्कत नहीं आई है। सभी डॉक्टर काम कर रहे हैं। मरीजों का इलाज निरंतर जारी है। महासंघ की मांगों को लेकर हम हाईपावर कमेटी बना रहे हैं। कमेटी जो भी सुझाव देगी उसे माना जाएगा।"

दरअसल, मध्य प्रदेश में डॉक्टरों के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। लंबे समय से डॉक्टरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है जिसको लेकर चिकित्सा बचाओ संपर्क यात्रा निकाली गई थी। 38 जिलों से होते हुए भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में समाप्त हुई। यहां डॉक्टरों ने तय किया कि वे 17 फरवरी से प्रदेश भर में अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल करेंगे। 

हड़ताल के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि मध्य प्रदेश में पिछले 5 सालों से डॉक्टरों की समस्याओं को कोई समाधान नहीं हुआ है। लंबे समय से उनका प्रमोशन रुका है। हम वेतन विसंगतियां भी हैं। DACP लागू करने, पुरानी पेंशन बहाली करने की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों में मेडिकल वर्क में अधिकारियों के दखल अंदाजी को लेकर भी नाराजगी दिखी।