कटनी। शहर के सावरकर वार्ड स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग आनंद प्लास्टिक के गोदाम में लगी थी। बुधवार सुबह लगी इस आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम में प्लास्टिक जलने की लपटें दूर से ही नजर आ रही थीं। प्लास्टिक जलने से आसपास के इलाके में लोगों का सांस लेना दूभर हो गया था। सारवरकर वार्ड के इस रिहाइशी इलाके में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लोग आग से बचने के लिए भागते नजर आए। दरअसल यह एक घनी बस्ती है, रास्ते संकरे हैं, ऐसे में आग पर काबू करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आनंद प्लास्टिक के मालिक का कहना है कि वहां करीब 50 लाख रुपए का सामान रखा था। जो पूरी तरह बरबाद हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना में जनहानि की कोई खबर नहीं है। कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाके में प्लास्टिक गोदाम बनाने की परमीशन कैसे मिली। वहीं गोदाम की बिल्डिंग के नक्शे की भी जांच की जा रही है। आरोप है कि नगर निगम ने कमर्शियल यूज की परमीशन नहीं थी थी, फिर भी बिना अनुमति अवैध गोदाम का संचालन किया जा रहा था।