रतलाम। मोहन नगर इलाका स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। इस आग की वजह से लाखों के नुकसान की आशंका है। पगारिया ट्रेडर्स के इस गोदाम में खेती में उपयोगी PVC पाइप और केबल रखे हुए थे। इस आग की वजह से लाखों की कीमत का कृषि उपयोगी सामान जलकर राख हो गया। 

आग विरिया खेड़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे लगी। यहां गोदाम में प्लास्टिक के पाइप रखे थे। आग गुरुवार दिन में करीब 11 बजे लगी। जिसने देखते ही देखते विकराल रुप ले लिया। दूर से आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। आस-पास के इलाके में प्लास्टिक का धुआं ही धुआं फैल गया।

आग की वजह से इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटना स्थल के पास ही पेट्रोल पंप हैं। लोगों की सतर्कता से आग पेट्रोल पंप तक पहुंचने से बच गई। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आसपास के इलाकों से भी बुलाई गई है। नगर निगम, पुलिस समेत बड़ी संख्या में शासन प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद रहे।किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने ट्रेफिक रूट में बदलाव कर दिया। आग लगने का कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।