भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सरकार से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। इसके लिए कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। कमलनाथ ने मांग की है कि सरकारी स्कूलों में चयनित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। दरअसल मध्य प्रदेश में 30 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती प्रकिया अधर में अटकी पड़ी है।

बीजेपी द्वारा कांग्रेस सरकार गिराने की वजह से प्रक्रिया रुक गई थी। बाद में बीजेपी सरकार ने कोरोना लॉकडाउन का हवाला देकर दस्तावेजों की जांच नहीं की और भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया था। कमलनाथ ने शिवराज सिंह को उनका वादा याद दिलाया। दरअसल उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश में रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि ‘ कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान इन पदों पर भर्ती की औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं। अंतिम चरण में दस्‍तावेजों का सत्‍यापन किया जाना था, जो बीजेपी द्वारा कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने के कारण पूरा नहीं हो सका। बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से भर्ती प्रक्रिया अधर में अटकी पड़ी है। सरकार ने कोरोना काल का बहाना बनाकर भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। जिससे चयनित शिक्षकों में आक्रोश है, उन्होंने कहा है कि सरकार को जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी कराना चाहिए। प्रदेश में शिक्षकों की कमी से छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

 आपको बता दें कि मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से हुई थी। जिसका रिजल्ट 28 अगस्त 2019 को जारी हो गया था। स्कूल शिक्षा विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग में 30, 594 से अधिक शिक्षकों की भर्ती होने वाली थी। कमलनाथ ने सरकारी स्‍कूलों में चयनित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की है।