कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के एनकेजे रेलवे यार्ड में मालगाड़ी का खाली डिब्बा बेपटरी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया और तकनीकी व रिकवरी टीम को मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद डिरेल हुआ डिब्बा सुरक्षित रूप से दोबारा पटरी पर चढ़ा दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब स्टिंग कार्य के तहत सात डिब्बों वाली मालगाड़ी को यार्ड में खड़ा कर सैटिंग के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मालगाड़ी का एक खाली डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। हालांकि, डिब्बा खाली होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया लेकिन घटना से रेल महकमे में हड़कंप जरूर मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटनी एरिया मैनेजर के निर्देशन में करीब 60 रेल कर्मियों और अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तकनीकी विशेषज्ञों ने पूरी सावधानी और निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत रिकवरी ऑपरेशन शुरू किया ताकि रेल यातायात प्रभावित न हो और किसी तरह की अतिरिक्त क्षति न पहुंचे।

एनकेजे सीसीआर शैलेश कुमार ने बताया कि मालगाड़ी के खाली डिब्बे के डीरेल होने की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम को तत्काल रवाना किया गया। तय प्रक्रिया के अनुसार सुधार कार्य किया गया और लगभग दो घंटे के भीतर डिब्बे को सफलतापूर्वक पटरी पर चढ़ा दिया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुधार कार्य पूरा होने के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी भी रेल मार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुई और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई। रेलवे प्रशासन की सतर्कता और कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मौके पर अंतिम तकनीकी जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।