भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के रेड अलर्ट जारी किए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सीहोर नर्मदापुरम, अशोकनगर, शिवपुरी, नरसिंहपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिले के कई स्थानों पर अति भारी बारिश की संभावना जताई है। 

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए विदिशा, रायसेन, दतिया, भिंड, मुरैना, पन्ना, दमोह जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, बैतूल, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर और ग्वालियर में मध्यम से भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में हो रही बारिश से कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं। अशोक नगर में चंदेरी राजघाट स्थित महारानी लक्ष्मीबाई बांध के 14 गेट खोले दिए गए। बांध में कतरे के निशान से 6 फिट ऊपर तक पानी आ गया है। प्रशासन ने निचली बस्तियों में रहने वाले ग्रामीणों को अलर्ट किया है। इस डैम से 1 लाख 25 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा जा रहा है। जिस कारण एमपी को यूपी से जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया है। 

वहीं जबलपुर स्थित बरगी डैम के भी 19 गेट खोले गए हैं जिस कारण निचले इलाकों में बाढ़ आ गयी है। जबलपुर के पर्यटन क्षेत्र भेड़ाघाट से भी संपर्क टूट गया है। भेड़ाघाट से जबलपुर के बीच पड़ने वाले पुल के 4 से 5 फ़ीट ऊपर पानी है। बरगी डैम के गेट खुलने से नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उदयपुरा के बोरास पुल पर लगभग दो फ़ीट ऊपर तक पानी आने से नरसिंहपुर और गाडरबारा से सड़क संपर्क टूट गया है। 

बैतूल जिले में भी सातपुड़ा डैम के 7 गेट खोले गए हैं।रायसेन जिले का 50 से अधिक गांव से संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने के लिए कहा है। जिन गांवों में बाढ़ के हालात बने हैं वहां के लोगों को अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।