इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक होटल मालिक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। युवक हीरानगर थाना क्षेत्र में एक होटल का संचालन करता था। उसने आत्महत्या के पहले लंबा सुसाइड नोट लिखा है। होटल मालिक के इस तरह सुसाइड करने से इलाके में सनसनी फैल गई। उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ही बताया है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि इंदौर के हीरानगर के रहने वाले होटल मालिक आदित्य शर्मा ने पिस्टल से खुद को गोली मारी है। आदित्य ने जिस पिस्टल से गोलीमारी है वह अवैध है। घटना के समय आदित्य की मां और भाई ऊपर के कमरे में थे। जैसे ही भाई को गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वे नीचे की तरफ भागा। नीचे आकर देखा तो कमरे में आदित्य लहूलुहान पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को जब्त पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और पिस्टल भी मिली। सुसाइड नोट में आदित्य ने खुद को ही अपनी मौत का जिम्मेदार माना। दीवार और कागज पर उसने 7 पेज का सुसाइड नोट लिखा था। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर बताया कि होटल संचालक डिप्रेशन का शिकार था। नोट में एक संत के नाम का भी जिक्र किया है। जिसने कुछ समय पहले गोली मारकर जान दे दी थी।

युवक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि "उसने आठ-नौ साल पहले ही सोच रखा था कि वह 30 साल तक ही जीएगा। उसने लिखा कि उसके जीवन में कोई परेशानी नहीं है। उसने खुद को सिद्धू मूसेवाला का फैन बताया है। और 30 साल होते ही उसने सुसाइड का सोच लिया था। सुसाइड नोट में उसने दोस्तों और परिजनों के लिए भी कई बातें लिखी हैं। एक थैली का जिक्र करते हुए लिखा कि इसमें सभी के लिए गिफ्ट रखे हैं कौन सा गिफ्ट किसका है ये भी उसने नोट में लिखा।

एसीपी धैयशील येवले ने बताया कि पत्र में दावा किया गया है कि जिस व्यक्ति से यह हथियार खरीदा गया था, वह पहले ही मर चुका है। उसने आत्म रक्षा के लिए यह पिस्टल 2016 में खरीदी थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहरी जांच कर रही है।