विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 146 पर ग्राम ग्यारसपुर के समीप खंदा मंदिर के सामने घटी।
बताया जा रहा है कि भोपाल से सागर जा रही सफेद रंग की एक कार ने शनिवार को सामने से आ रहे दो मोटर साइकिल सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता और पुत्र, पुत्री सहित एक अन्य युवक की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
ग्यारसपुर थाना प्रभारी पंकज गीते ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम लगदा निवासी 35 वर्षीय ऋषिराज कुशवाह अपनी पत्नी कविता उम्र 33 वर्ष, बेटी काजल उम्र 15 वर्ष और पुत्र विकास उम्र 12 वर्ष के साथ मोटर साइकिल से ग्यारसपुर अपनी ससुराल जा रहे थे। वहीं एक पल्सर वाहन पर सवार युवक काली नामक किन्नर को बैठाकर विदिशा आ रहा था।
यह भी पढ़ें: इंदौर: RSS कार्यालय में तिरंगा भेंट करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा नेताओं को निशुल्क दे रहे राष्ट्रध्वज
इस दौरान ग्यारसपुर से कुछ दूरी पर खंदा मंदिर के सामने एक सफेद रंग की कार ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों वाहनों पर सवार लोग उछलकर दूर जा गिरे। इधर, कार चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। इस दुर्घटना में घायल हुए छह लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान ऋषिराज की मौत हो गई। अन्य पांच घायलों को विदिशा जिला अस्पताल भेजा गया, जहां करीब दो घंटे बाद ऋषिराज की बेटी काजल और पुत्र विकास ने भी दम तोड दिया। इसके अलावा पल्सर पर सवार युवक की भी मौत हो गई।
मृतक ऋषिराज की पत्नी कविता और किन्नर काली का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। थाना प्रभारी गीते के मुताबिक फरार कार चालक को पकड़ने के लिए सागर जिले की पुलिस से भी मदद ली जा रही हैं।