इंदौर। इंदौर जिले के महू में सोमवार रात एक यात्री बस के खाई में गिरने से 3 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भेरूघाट पर हुआ जब बस एक कार से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गए। सीएम मोहन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है।

हादसा सोमवार रात करीब 9.40 बजे सिमरोड के पास भेरूघाट पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर आ रही थी। तभी उसकी कार से टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना है कि बस ड्राइवर ने शराब पी रखी थी।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। करीब 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। कुछ लोगों को बस के कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि दो महिलाओं की मौके पर मौत हुई है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल एसडीएम महू को मौके पर भेजकर घायलों को इंदौर के एमवाय अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने पूरी घटना के जांच के आदेश भी दिए है।

महू के भेरूघाट पर हुए हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है। इसमें पद्मा बाई (45) निवासी तिलक नगर इंदौर और राहुल (25) निवासी देवरिया यूपी के शव महू के सिविल अस्पताल लाए गए हैं। जबकि अनिता (40) पति अशोक राव निवासी न्यू गोरी नगर इंदौर का शव एमवाय अस्पताल लाया गया है। कुल 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 9 घायल इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि 4 घायल महू के सिविल अस्पताल में भर्ती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'इंदौर और महू के बीच एक बस के पलटने के कारण हुए हादसे में तीन नागरिकों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। मृतकों के निकटतम परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपए और घायलों का नि:शुल्क उपचार करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत की पुण्यात्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।'