इंदौर। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों के अजब गजब रंग देखने को मिल रहे हैं। राजनीतिक दल वोटर्स को अपने पक्ष में करने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। इसी क्रम में इंदौर में कांग्रेस के मेयर कैंडिडेट संजय शुक्ला के समर्थकों ने कुछ ऐसा किया है, जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय है। दरअसल, यहां वेडिंग कार्ड की तर्ज पर लोकतंत्र मनुहार छपवाया गया है।



लोकतंत्र मनुहार पूरी तरह वेडिंग कार्ड के जैसी है और इसमें कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला चुनावी दूल्हे की भूमिका में हैं। दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ को दर्शनाभिलाषी बताया गया है। दर्शनाभिलाषी में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का भी नाम है। इसी तरह प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल और घनश्याम जोशी का नाम स्वागतातुर में रखा गया है।





कार्ड में लिखा गया है, 'मान्यवर मांगलिक कार्य से पहले भगवान श्रीगणेश को मांगलिक काम को लेकर प्रार्थना की जाती है। ऐसे में 6 जुलाई 2022 बुधवार को होने वाले लोकतंत्र के महायज्ञ इंदौर नगर निगम के चुनाव निर्विरोध संपन्न होने है। इस कड़ी में आप से निवेदन है कि यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा महायज्ञ है। इसमें आप और आपके परिजन आशीर्वाद रूपी मतदान अवश्य करें।' इस कार्ड के साथ पीले चावल देकर मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का मनुहार किया जा रहा है।



कांग्रेस नेताओं ने बताया कि शहर के सभी 85 वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशियों की ओर से ये लोकतंत्र मनुहार पत्रिका दी जाएगी। जिसमें स्थानीय पार्षद उम्मीदवार और महापौर प्रत्याशी का नाम होगा। इस कार्ड के माध्यम से सभी पार्षद प्रत्याशी अपने वार्ड के प्रमुख व्यापारिक संगठनों और रहवासी संघों के बीच जाकर उन्हें शहर की सरकार बदलने के लिए न्योता देंगे और कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग करने की अपील करेंगे।



खास बात ये है कि वोट मांगने का यह तरीका मतदाताओं को भी खूब पसंद आ रहा है। शहर के लोगों के बीच वोट मांगने का यह अनोखा तरीका चर्चा का विषय है। अब देखना ये होगा की लोकतंत्र मनुहार का प्रयोग कितना कारगर साबित होता है।