भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।  मीडिया को एक पेनड्राइव दिखाते हुय कमल नाथ ने कहा कि हमने प्रदेश के 26 लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ किया है। पैनड्राइव में इसके प्रमाण हैं। इसमें उन किसानों के नाम, पते, मोबाइल नंबर, अकाउंट नंबर और कितना कर्जा माफ हुआ है, उसकी राशि दर्ज है। यह भाजपा के झूठ की पोल खोल  है। जो कर्ज माफी को लेकर आरोप लगा रहे हैं, वे स्वयं कर्ज माफी के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं, इसके प्रमाण है।

बुधवार को नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात में प्रदेश के वर्तमान हालात एवं विधानसभा सत्र को लेकर चर्चा की। इसके बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने कर्जमाफी को लेकर दिए गए बयान पर कमलनाथ ने कहा कि भाजपा झूठ की राजनीति करती है, हम विकास की राजनीति पर भरोसा करते हैं। क्या ये जनता को कह पाएंगे कि हमने सौदा कर लिया और इसलिए कमलनाथ ने इस्तीफा दे दिया। हमने सौदा नहीं किया है और सरकार से हटने का निर्णय लिया।

कमलनाथ ने कहा कि यह कोई आम चुनाव नहीं है, मैं तो इसे उपचुनाव भी नहीं मानता, यह चुनाव तो मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। भाजपा बताएं कि वह कौन सी 4 सीटें जीतने वाली है? हमारा मुकाबला भाजपा से है, उनकी कोई उपलब्धियां तो हैं ही नहीं, जिनसे हम मुकाबला करें।