रायसेन। जिले के बावलिया गांव में बिजली का करंट लगने से एक तेंदुए की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तेंदुआ गांव में घुसा था, जहां खेत में जल रही नरवाई से बचने के लिए वह भाग रहा था। तभी उसने वहीं लगे एक बिजली के ट्रांसफार्मर पर छलागं लगा दी। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से उसका शरीर दो टुकटों में कट गया, औऱ उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर पाकर वन विभाग की टीम मौक पर पहुंची। जिसके बाद तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ किसी हिरण का पीछा कर रहा था, और गांव में आ घुसा। जिससे वह हादसे का शिकार हो गया। फारेस्ट रेंजर दीपक तिरपुरे और उनकी टीम ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम अमरावद नर्सरी करवा कर वहीं नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया। मारे गए तेंदुए की उम्र करीब तीन साल थी। पिछले करीब 6 महीने में रायसेन में चार तेंदुए मारे जा चुके हैं।
वन विभाग का कहना है कि तेंदुए के शरीर पर जलने के अलावा किसी तरह का चोट का कोई निशान नहीं मिला था। उसके शरीर के सभी अंग बरकरार थे। अधिकारियों की माने तो इलाके में पहाड़ियों पर तीन से चार तेंदुओं की आवाजाही की सूचना मिली है।