छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के माचागोरा बांध में चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। चारों नहाने के लिए घर से निकले थे। मृतकों में 3 लड़कियां और एक लड़का शामिल है। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचें। गोताखारों की कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाल लिए गए हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इस घटना पर दुःख जताते हुए सरकार से हरसंभव मदद की मांग की है। 



मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम चौहान ने ट्वीट किया, 'छिंदवाड़ा के चौरई के माचागोरा डैम में डूबने से 4 बच्चों के असमय निधन का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!'





उन्होंने आगे लिखा कि, 'मासूम बच्चों के असामयिक निधन से मन अत्यधिक पीड़ा से भरा हुआ है। पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। दु:ख की इस घड़ी में मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश शोकाकुल परिवारों के साथ है। ईश्वर परिजनों को यह असहनीय दु:ख सहने का सामर्थ्य दें।। ॐ शांति।।'



दरअसल, छिंदवाड़ा के चौरई ब्लॉक के ग्राम माचागोरा डैम में गर्मी के चलते दोपहर बाद माचागोरा क्षेत्र के ही रहने वाले चार मासूम बच्चे डैम के किनारे बैक वाटर में नहा रहे थे। नहाते हुए बच्चे धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए और बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। परिवार के सदस्यों को जानकारी लगी तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतकों में 7 साल की बच्ची सृष्टि,  9 साल की प्राची, 11 साल की प्रिया और 10 साल का बच्चा शेखर शामिल है। सूचना के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव निकाले। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम की लहर दौड़ पड़ी।