जबलपुर में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आज रविवार को टोटल लाकडाउन रखा गया है। हालांकि यह फैसला केवल आज के लिए लिया गया है। सोमवार से अनलॉक वन के नियम लागू रहेंगे। आज नगर निगम की सीमाएं बंद हैं। अत्यावश्यक सेवाओं में दूध, फल, किराना, दवा दुकानों और पेट्रोल पंप को छोड़कर सभी दुकानें बंद हैं। एक दिन के इस टोटल लॉकडाउन के दौरान अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी टू-व्हीलर और फोर व्हीलर वाहनों पर कलेक्टर ने रोक लगाई है।

जबलपुर में रांझी बस्ती और सिंधी कैंप को नया कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यहां कोरोना के चार नए मामले सामने आए थे जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। नए मरीजों में से एक सिंधी कैंप निवासी 55 साल रसोइया और एक सब्जी विक्रेता शामिल है। इनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि जबलपुर में आज नए 4 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 272 हो गई है। वहीं कोरोना से 10 मौत हो चुकी है। 198 मरीजों स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में शनिवार को 232 नए कोरोना पाजिटिव मरीज मिले हैं ।जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 9228 हो गई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 16 संक्रमितों ने दम तोड़ा। प्रदेश में अब तक 399 मरीज दम तोड़ चुके हैं।