सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा में आग लगने से कई दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। भैरूंदा का जेपी मार्केट नगर का व्यस्ततम बाजार है।बताया जा रहा है कि 10 दुकानें आग की चपेट में आई। आगजनी से मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन स्थानीय फायर फाइटर मशीन खराब होने की वजह से तीन घंटे तक दमकल की टीम नहीं पहुंच सकी। नतीजतन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

शुक्रवार शाम लगी यह आग काफी दूर से नजर आ रही थी। बताया जा रहा है कि सीहोर, शाहगंज और खांतेगांव से दमकल की टीम को आग बुझाने के लिए बुलाया गया। देर रात तक काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इन आगजनी की घटना में 8 करोड़ रुपये से भी अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। अभी तक आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।

यह भी पढ़ें: फूड पॉइजनिंग से राजगढ़ के दो गांव में मचा हड़कंप, गोलगप्पे खाने के बाद 40 बच्चे हुए बीमार

बता दें कि जेपी मार्केट में नगर का प्रमुख व्यस्ततम बाजार है। जिसमें वैवाहिक सीजन के दौरान प्रतिदिन काफी व्यापार होता है। यहां पर किराना, कपड़ा, सराफा, रेडीमेड, बर्तन, जनरल स्टोर सहित अन्य दुकानें संचालित हैं। बताया जा रहा है कि सबसे पहले तहसील गेट पर स्थित सुपर बूट हाउस की दुकान में अचानक धुंआ उठता हुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते यह विकराल आग में परिवर्तित हो गया।

कांग्रेस ने आगजनी का वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार को निशाने पर भी लिया है। MP कांग्रेस ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है कि केंद्रीय कृषि मंत्री और 20 साल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान के गृह और संसदीय क्षेत्र के भेरूंदा में आग से 10 दुकानें जलकर खाक हो गई। तीन घंटे में आग बुझाने के लिए दमकल नहीं पहुंच सकी, क्योंकि स्थानीय फायर फाइटर खराब पड़ा था। ये भाजपा के विकास का मॉडल है, यहां पूरा बाजार धूं-धूं कर जल जाता है लेकिन सरकार और प्रशासन असहाय बना रहता है!

कांग्रेस ने आगे लिखा कि आग में सिर्फ कई लोगों की रोजी रोटी ही स्वाहा नहीं हुई, बल्कि भाजपा के विकास का झूठ भी जल गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बताया कि सूचना पाकर उन्होंने रात 11 बजे सीहोर कलेक्टर से बात की थी। तब कलेक्टर ने उन्हें कहा कि अब आग बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है। सिंह ने भी सवाल उठाए हैं कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र जहाँ से 18 वर्षों तक मुख्य मंत्री रहे हों और अब देश के कृषि मंत्री हों वहाँ यह हालत है तो प्रदेश की क्या हालत होगी?