इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज से इंदौर से भोपाल तक एक विशेष साइक्लोथॉन (साइकिल यात्रा) शुरू की है। यह यात्रा नीट यूजी परीक्षा में धांधली, सीबीएसई एग्जाम में गड़बड़ी, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं के विरोध में निकाली जा रही है। राहुल गांधी के अभियान 'छात्रों की गूंज' के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद कर रहे हैं।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी स्वयं साइकिल चलाते हुए दो दिनों में इंदौर से भोपाल तक का सफर तय करेंगे। यह पूरी साइक्लोथॉन दो दिवसीय होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित करना है। इंदौर से यात्रा की शुरुआत में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। बताया जा रहा है कि रास्ते में देवास, सीहोर और भोपाल जिले से भी लोग इस अभियान से जुड़ेंगे।

साइकिल यात्रा के देवास पहुंचने पर जीतू पटवारी ने कहा, 'हमारी मांग है कि हर पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच हो। हर पेपर लीक के पीछे बीजेपी के ही माफिया क्यों होते हैं? शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।' पटवारी ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज और देश के भविष्य की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। युवाओं और छात्रों की उसी आवाज के समर्थन में यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि, यह मगरमच्छ की मोटी चमड़ी वाली सरकार है, इस पर शायद असर न पड़े, लेकिन जनता पर जरूर पड़ेगा और जनता बदलाव लाएगी।

इस दौरान प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने कहा कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान में थोड़ी भी नैतिकता और शर्म है, तो उन्हें अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा गड़बड़ियों की जिम्मेदारी केंद्र सरकार को लेनी चाहिए।