बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर दूसरी बार केस चलाने की दी मंजूरी

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी प्लांट से लिए गए बिसलेरी पानी (बैच PB 201) के सैंपल में खतरनाक कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। दो लैब में पुष्टि होने के बाद FSSAI ने कंपनी पर दूसरी बार केस चलाने की मंजूरी दी है।

Updated: Nov 28, 2026, 02:05 PM IST

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बिसलेरी के एक प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। दो अलग अलग लैब में इसकी पुष्टि होने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ दूसरी बार केस चलाने की मंजूरी दे दी है। मामले में संबंधित बैच की बिक्री पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

जांच के दौरान बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 का सैंपल लिया गया था। यह सैंपल जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से जांच के लिए भेजा गया था। इस बैच का उत्पादन 20 जुलाई को हुआ था। जबकि, इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 निर्धारित थी। प्राथमिक और रेफरल दोनों लैब की रिपोर्ट में बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 12 अगस्त को इस बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। यह कार्रवाई फिलहाल केवल बैच नंबर PB 201 के खिलाफ की गई है।

यह भी पढ़ें:भोपाल के राजोरिया रेस्टोरेंट की पनीर सब्जी में निकला स्टील वायर, खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 5 सैंपल

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पानी में गंदगी या संभावित मलजनित संदूषण का संकेत हो सकता है। यह सीवेज के पानी के संपर्क या दूषित पाइपलाइन के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता और उसकी शुद्धता को लेकर सवाल उठे हैं।

बिसलेरी के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले गोवा में कंपनी के पानी के सैंपल की जांच के दौरान ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे केमिकल पाए गए थे। इन पदार्थों को कैंसर के जोखिम से जुड़ा माना जाता है। उस मामले में भी FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी थी।

FSSAI ने अब देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की गुणवत्ता की जांच का दायरा बढ़ाया है। प्राधिकरण के CEO राजित पुनहानी के मुताबिक, अलग अलग कंपनियों के पानी के सैंपल जुटाए जा रहे हैं। इस जांच प्रक्रिया को अगले एक से दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें:मंदसौर में चिकित्सीय फर्जीवाड़े का खुलासा, पंजाब में बैठा डॉक्टर कर रहा बच्चों का इलाज

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य पानी बनाने वाली कंपनियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराना है न कि उपभोक्ताओं के बीच किसी तरह का डर पैदा करना। इसके लिए सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग और मिनरल वाटर के सैंपल लेने तथा उनकी जांच तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

वहीं, कंपनी ने अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। बिसलेरी का कहना है कि पानी को तैयार करने की प्रक्रिया में 10 चरणों से गुजरना पड़ता है और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 90 से अधिक बार जांच की जाती है। कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें:MP के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट तक शुरू नहीं