भोपाल के राजोरिया रेस्टोरेंट की पनीर सब्जी में निकला स्टील वायर, खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 5 सैंपल

भोपाल के जेके रोड स्थित आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट की पनीर सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार मिलने पर हड़कंप मच गया। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच की और पास के डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर दोनों जगहों से 5 सैंपल लैब भेजे।

Updated: Nov 28, 2026, 01:04 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के जेके रोड स्थित आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट में परोसी गई पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच की। इसके बाद पास के डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के मुताबिक, विभाग को आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट में खाने के दौरान पनीर की सब्जी के अंदर तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत मिली थी। शिकायत की पुष्टि और खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने मौके पर पहुंचकर रसोई और खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर की सब्जी के साथ दाल और चावल के नमूने भी एकत्र किए गए।

यह भी पढ़ें:MP के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट तक शुरू नहीं

जांच का दायरा बढ़ाते हुए अधिकारियों ने नजदीक स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट में भी खाद्य सामग्री की पड़ताल की। वहां से पनीर और सोयाबीन तेल के सैंपल लिए गए। अधिकारियों के अनुसार, सोयाबीन तेल पैक्ड स्थिति में मिला था। रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि तेल की खरीद हनुमानगंज स्थित हे राम प्रतिष्ठान से की गई थी।

खाद्य सुरक्षा विभाग अब सभी पांच नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या निर्धारित मानकों से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:मंदसौर में चिकित्सीय फर्जीवाड़े का खुलासा, पंजाब में बैठा डॉक्टर कर रहा बच्चों का इलाज

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों रेस्टोरेंट संचालकों को साफ सफाई और खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि भोजन तैयार करने के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्री, रसोई की स्वच्छता और कर्मचारियों के कामकाज पर नियमित नजर रखना संचालकों की जिम्मेदारी है। सिर्फ ग्राहकों से ऑर्डर लेने और बिलिंग करने तक उनकी भूमिका सीमित नहीं है।