नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में बाघ का आतंक देखने को मिला है। जिले के पिपरिया में एक बाघ झोपड़ी में घुस गया। वहां से एक युवक को घसीटकर जंगल ले गया। शनिवार सुबह युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां आक्रोशित ग्रामीणों ने वन अमले को घेर लिया।

घटना झिरिया (डैम मोहल्ला) से सटे जंगल की है, जो बनखेड़ी सामान्य परिक्षेत्र की डोकरी खेड़ा बीट के तहत आता है। मृतक की पहचान बारी देवी गांव निवासी कमल ठाकुर (पिता शंन्नूलाल) के रूप में हुई है। मृतक के भाई अतुवा ठाकुर ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे एक दूध वाले ने सूचना दी कि कमल ठाकुर का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ है।

कमल पचमढ़ी मेस में खाना बनाने का काम करते थे। हर शनिवार अपने गांव आते थे। शनिवार रात को भी वह पचमढ़ी से लौटे थे। मृतक की उम्र करीब 40 साल थी। उनके 5 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटियां और 2 बेटे शामिल हैं। इनकी शादी 15 साल पहले हुई थी।

पिपरिया फॉरेस्ट एसडीओ आशीष खोपरागडे को घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने बनखेड़ी रेंज के अधिकारियों को सूचित किया। बनखेड़ी के रेंज ऑफिसर (आरओ) सुमित पांडे ने बताया कि बाघ के हमले में कमल ठाकुर की मौत हुई है। उसका शव बरामद कर लिया गया है।

घटना स्थल पर पिपरिया के आरओ दुर्गेश बिसेन सहित अन्य वनकर्मी भी पहुंचे। ग्रामीणों ने सुबह जंगल की झाड़ियों में शव पड़ा देखकर वन विभाग को सूचना दी थी। ग्रामीणों के अनुसार, बाघ ने रात में कमल पर हमला किया और उसके शव को झोपड़ी से घसीटकर जंगल में ले गया। पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।