T-20 World Cup: टूर्नामेंट के बीच टीम इंडिया को लगा झटका, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती

टी20 वर्ल्ड कप के बीच टीम इंडिया को झटका लगा है। ओपनर अभिषेक शर्मा संक्रमण के कारण दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं। 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।

Updated: Feb 11, 2026, 12:36 PM IST

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के इन्फेक्शन के कारण दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को पुष्टि की है कि पिछले दो दिनों से वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और कई मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। गुरुवार 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है। डिस्चार्ज को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, अभिषेक को तेज बुखार की शिकायत थी और उन्हें ड्रिप दी गई है। टीम प्रैक्टिस सेशन में वह शामिल नहीं हुए थे। इससे पहले मुंबई में अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान भी वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। उस मैच में वह गोल्डन डक पर आउट हुए थे और भारत की गेंदबाजी के दौरान उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। मैच खत्म होने के बाद भी वह हैंडशेक लाइन में नजर नहीं आए थे।

यह भी पढ़ें:BCCI का 2025-26 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी, रोहित-कोहली का डीमोशन, ग्रेड A में गिल, बुमराह और जडेजा

भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक की स्थिति पर कहा कि उनके पेट में दिक्कत है और टीम उनके फिट होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि उपलब्धता के आधार पर प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टमक इन्फेक्शन का असर खिलाड़ी की स्टैमिना और एंड्योरेंस पर पड़ता है। ऐसे में मैच फिटनेस हासिल करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

अगर अभिषेक नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल पाते हैं तो ओपनिंग स्लॉट के लिए सबसे मजबूत विकल्प संजू सैमसन माने जा रहे हैं। हालिया दौर में वह टीम के लिए शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी कर चुके हैं। न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान ईशान किशन को मौका मिलने के बाद संजू को बाहर बैठना पड़ा था। हालांकि, मौजूदा परिस्थिति में वह फिर से ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। मंगलवार को उन्होंने नेट्स में लंबा अभ्यास किया और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ खास सत्र भी किया जिसे टीम मैनेजमेंट की तैयारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:छतरपुर में केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट का विरोध तेज, ग्रामीणों ने SDM ऑफिस पर किया पथराव

भारतीय टीम के लिए फिलहाल सिर्फ नामीबिया मुकाबला ही नहीं बल्कि 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला हाई वोल्टेज मैच भी अहम है। टीम प्रबंधन अभिषेक को पूरी तरह फिट देखना चाहता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अलग परिस्थितियों में होने वाला वह मुकाबला रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यह भी जानकारी सामने आई है कि रविवार को हेड कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित टीम डिनर में अभिषेक शामिल हुए थे लेकिन तबीयत ठीक न होने के कारण वह बाकी खिलाड़ियों से पहले लौट गए थे।

इस बीच टीम के लिए राहत की खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह बीमारी से उबरकर उपलब्ध हैं। वह अमेरिका के खिलाफ पहला मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन दिल्ली में अभ्यास सत्र के दौरान उन्होंने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की और बेहतर मूवमेंट दिखाई। रयान टेन डोएशेट ने बताया कि करीब दस दिन के ब्रेक के बाद वह लय में लौट रहे हैं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी साइड स्ट्रेन से उबरकर स्क्वॉड में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी के साथ थ्रोडाउन पर बल्लेबाजी अभ्यास भी किया।

यह भी पढ़ें:बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, करोड़ों रुपए फिरौती की डिमांड