सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र में बकरियों की चोरी और पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को रामपुर बघेलान अमरपाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यात्री बसों समेत कई चारपहिया और दोपहिया वाहन करीब दो घंटे तक फंसे रहे। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात दोबारा शुरू हो सका।
पूरा मामला रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के बीदा गांव का है। गांव निवासी मुन्ना यादव ने आरोप लगाया कि 3 और 4 मई की दरमियानी रात उनके घर से दो बकरियां चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन दो दिनों तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
यह भी पढ़ें:फिर विवादों में घिरा भोपाल मेट्रो, कब्रिस्तान के नीचे अंडरग्राउंड लाइन को लेकर वक्फ बोर्ड ने जताई आपत्ति
पीड़ित मुन्ना यादव के मुताबिक, घटना रात करीब 2 बजे हुई थी। उन्होंने दावा किया कि एक 108 एंबुलेंस संदिग्ध हालत में उनके घर के पास आकर रुकी थी। इसी दौरान कुछ लोग एंबुलेंस में बकरियां चढ़ा रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की। इस दौरान हाथापाई में मुन्ना यादव के हाथ में चोट भी आई थी। हालांकि, वह एक बकरी छुड़ाने में सफल रहे थे।
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सड़क पर बाड़ी बंदी कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। तेज गर्मी और उमस के बीच बसों में फंसे यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें:बंगाल में चुनाव के बाद भड़की हिंसा, 4 की मौत, TMC ऑफिस पर चला बुलडोजर
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक चली बातचीत और जल्द कार्रवाई के भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम हटाया गया। इसके बाद रामपुर बघेलान–अमरपाटन मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।