MP Lokayukta Raid: खनिज अधिकारी प्रदीप खन्ना के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा

Mining Officer Pradeep Khanna: आय से अधिक संपत्ति के मामले में खनिज अधिकारी प्रदीप खन्ना के भोपाल, इंदौर स्थित ठिकानों पर छापा

Updated: Sep 02, 2020, 02:05 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में खनिज अधिकारी प्रदीप खन्ना के घर में छापा मारा। लोकायुक्त ने खनिज अधिकारी के भोपाल और इंदौर स्थित घरों में एक साथ छापेमार कार्रवाई की। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे लोकायुक्त पुलिस ने दोनों ठिकानों पर दबिश दी।

दरअसल जिला खनिज अधिकारी प्रदीप खन्ना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति हासिल करने का मामला दर्ज किया गया है। खबर है कि इस छापे के दौरान आय से अधिक संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। प्रदीप खन्ना के इंदौर स्थित बंगले से 9 लाख रुपए का कैश भी जब्त किया गया है। वहीं प्रदीप खन्ना के भोपाल स्थित गोविंदपुरा के बंगले में कार्रवाई हुई है। खनिज अधिकारी के नाम कई महंगी गाड़ियां, कई प्लॉट और मकान होने की जानकारी भी मिली है।

आरोपी प्रदीप खन्ना इंदौर में 5 साल तक खनिज अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। इसी दौरान उन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। भोपाल के गौतम नगर स्थि‍त उनके घर की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

वहीं भोपाल के गोविंदपुरा में भी एक बंगला मिला है। खनिज अधिकारी का इंदौर के पटेल नगर में एक फ्लैट है। जहां वह इंदौर में पोस्टिंग के दौरान रहते थे। वहीं इंदौर बायपास स्थित बिचौली मर्दाना में एक मकान मिला है। लोकायुक्त ने उसे सील कर दिया गया।

करीब दो महीने पहले इंदौर से श्योपुर ट्रांसफर किया गया था। लोकायुक्त की टीम छापे के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच में जुटी है। प्रदीप खन्ना के भाई भी उनके साथ ही रहते हैं। लोकायुक्त अब उनके भाइयों की संपत्ति की भी जांच करेगी। लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप खन्ना के खिलाफ आय से 200 फीसदी से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली है।