रतलाम। मध्य प्रदेश में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के साथ भाजपा नेताओं के आपसी विवाद भी साथ-साथ चल रहे हैं। ताजा मामला रतलाम से सामने आया है। यहां भाजपा के दो पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि यह सब सीनियर नेताओं के सामने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हुआ। 

जानकारी के अनुसार  ये विवाद भारतीय युवा मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश पाटीदार और जिला उपाध्यक्ष शुभम गुर्जर के बीच हुआ है। शनिवार को यात्रा कमेड़ गांव पहुंची थी  जहां दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर तू-तू मैं-मैं हुई इसके बाद दोनों हाथापाई पर उतर आए। मौके पर मौजूद भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने दोनों को सख्त हिदायत देकर शांत कराया। लेकिन अब घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

वहीं वीडियो सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा ने नोटिस जारी करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभम गुर्जर से 7 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में लिखा गया कि जनआशीर्वाद यात्रा में आपका राकेश पाटीदार के साथ अशोभनीय व्यवहार सोभनीय नहीं है। पार्टी के पदाधिकारियों के सामने यह व्यवहार अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। आपका जवाब संतुष्टी पूर्ण नहीं होने पर आपको 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है