सतना। मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव निरस्त होने के बाद सतना जिले में सरपंच पद के एक उम्मीदवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। चुनाव रद्द होने के बाद कृष्ण प्रकाश गौतम ने पूरे गांव में बैंड बाजे के साथ बारात निकाली। पिछले चुनाव में कृष्ण प्रकाश गौतम को 80 वोट मिले थे।

यह मामला सतना जिले के बिरसिंहपुर तहसील के पचली कला पंचायत का है। यहां से कृष्ण प्रकाश गौतम ने सरपंच पद पर नामांकन किया था। चुनाव की घोषणा होते ही वे गांव आ गए थे। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्हें ताला चाभी का चुनाव चिन्ह भी मिल गया था। चुनाव प्रचार के लिए उन्होंने पर्चे भी छपवा लिए थे। गांव में लोगों को कंबल भी बांटे। लेकिन ऐन मौके पर चुनाव निरस्त हो गया। 

यह भी पढ़ें : खजुराहो में गिरफ्तार हुआ कालीचरण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर की थी अभद्र टिप्पणी

हालांकि चुनाव निरस्त होने के बावजूद कृष्ण प्रकाश गौतम निराश नहीं हुए। बल्कि इसके उलट उन्होंने चुनाव निरस्ती के एलान के बाद गांव में जश्न मनाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस चुनाव में कृष्ण प्रकाश गौतम के अलावा पांच और उम्मीदवार सरपंच पद के लिए दावेदारी ठोक रहे थे। कृष्ण प्रकाश गौतम की दावेदारी मजबूत नहीं थी। वे पिछले चुनाव में भी सरपंच पद पर खड़े हुए थे। लेकिन तब उन्हें सिर्फ 80 वोट मिले थे। 

कृष्ण प्रकाश गौतम दिल्ली में रहते हैं और वहीं पर पूजा पाठ कराते हैं। उन्हें चुनाव लड़ने का शौक है इसलिए वे इस बार भी चुनाव लड़ने के लिए आए थे। खुद कृष्ण प्रकाश गौतम का कहना है कि चुनाव लड़ने के बहाने उन्हें परिचितों से मिलने का मौका भी मिल जाता है। उनका कहना है कि अगले चुनाव में अगर उनकी पंचायत की सीट अनारक्षित रही, तब वे फिर चुनाव लड़ने के लिए गांव आएंगे। फिलहाल वे वापस दिल्ली जा रहे हैं।