खजुराहो में गिरफ्तार हुआ कालीचरण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर की थी अभद्र टिप्पणी

कालीचरण को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है

Updated: Dec 30, 2021, 03:46 AM IST

भोपाल। धर्म संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर अभद्र टिप्पणी करने वाले कालीचरण को गिरफ्तार कर लिया गया है। रायपुर पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश के खजुराहो से गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कालीचारण की तलाश कर रही थी। वह रायपुर में हुए धर्म संसद के बाद से ही फरार चल रहा था।

हाल ही में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धर्म संसद आयोजित की गई थी। जिसको संबोधित करते हुए कालीचरण ने राष्ट्रपिता और भारत की आजादी के सबसे बड़े नायक महात्मा गांधी के संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। इसके साथ ही उसने राष्ट्रपिता के हत्यारे नाथूराम गोडसे की तारीफ की थी।

कालीचरण ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी को लेकर अपशब्द कहने के साथ साथ कहा था कि इस्लाम ने 1947 में पाकिस्तान और बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया। कालीचरण ने राष्ट्रपिता को इसका जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि गांधी ने इस देश का सत्यनाश कर दिया। कालीचरण ने कहा कि नाथूराम को नमस्कार है कि उसने गांधी की हत्या कर दी।

कालीचरण ने इस दौरान मुस्लिम महिलाओं को लेकर भी अपशब्द कहे थे। हालांकि उसी मंच से महंत रामसुंदर दास ने कालीचरण के शब्दों का विरोध किया था और खुद को उस धर्म संसद से अलग कर लिया था।

यह भी पढ़ें : रायपुर धर्म संसद में महात्मा गांधी को गाली, उनके हत्यारे गोडसे को नमस्कार, संत कालीचरण के ख़िलाफ़ केस दर्ज

कालीचरण का बयान वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कालीचरण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का एलान किया था। सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि जल्द ही कालीचरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कालीचरण के विवादित बोल के बाद उसके खिलाफ धारा 505(2) और 294 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।