भोपाल। अमेरिकी ट्रेड डील के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से की जाएगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 24 फरवरी को भोपाल आएंगे।
कांग्रेस संचार विभाग के जयराम रमेश ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि शुक्रवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी और नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा) राहुल गांधी जी की बैठक हुई है। हमारे 6 राज्यों के पीसीसी अध्यक्ष और सीएलपी लीडर... जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र… इन 6 राज्यों के हमारे पीसीसी अध्यक्ष और सीएलपी लीडर और हिमाचल के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे, खासतौर से जो अमेरिका और भारत के बीच में व्यापार समझौता हुआ है। जो हम मजबूर हुए हैं ये व्यापार समझौता करने में, जो प्रधानमंत्री का सरेंडर हुआ है, उस पर चर्चा हुई है।
जयराम रमेश ने कहा कि इसका सीधा असर पहले चरण में इन 6 राज्यों के कपास किसान, सोयाबीन किसान, मक्का किसान, और फल और मेवे के किसान पर जरूर पड़ेगा। इसलिए हमने इन 6 राज्यों के नेताओं से बात की है। इस महीने की 24 तारीख़ को पहली किसान सम्मेलन भोपाल में होगी, और कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों उसमें भाग लेंगे। इसके बाद 7 तारीख़ को यवतमाल, महाराष्ट्र में इसी तरीके से किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा और तीसरा सम्मेलन श्रीगंगानगर में होगा।
जयराम रमेश ने कहा कि ये प्रधानमंत्री का सरेंडर है। 10 मई, 2025 को पहला सरेंडर हुआ, जब ऑपरेशन सिंदूर को अचानक रोक दिया गया। इसी तरह अब इंडो-यूएस ट्रेड डील, जिसके बारे में बहुत कुछ चर्चा हो रही है सरकार की ओर से, इसकी हकीक़त जो है। हकीक़त ये है कि किसान पर इसका सीधा नकारात्मक असर होगा और इसको लेकर... जिस तरीके से तीन काले कृषि कानून को लेकर किसान संगठनों ने करीब डेढ़ साल तक आंदोलन चलाया, इसी तरीके से हम किसान संगठनों के साथ इन 6 राज्यों में पहले चरण में, और अलग-अलग राज्यों में भी हम करेंगे।