मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, दुर्घटना में पांच अन्य घायल हो गए। माता बसैया थाना क्षेत्र में पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों में ऑटो चालक समेत दो अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे पारासर की तेवरिया के पास हुआ था। ऑटो में सवार सभी लोग बानमौर विजयपुरा से भूमिया बाबा मंदिर में दर्शन करने गए थे और वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए पत्थर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई।

यह भी पढ़ें:बैंकॉक के पब में आधी रात को लगी भीषण आग, 27 लोगों की मौत और 63 घायल

घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे। चालक को छोड़कर बाकी सभी यात्री आपस में रिश्तेदार हैं। हादसे में महेंद्र पुत्र बाबूलाल राठौर (50), मनोरमा पत्नी राजेंद्र राठौर (45) और रामकेश पिता देवीराम कुशवाह की मौत हो गई। मृतकों में ऑटो चालक भी शामिल है।

वहीं, सूरज पुत्र महेंद्र राठौर (24), वंशिका (2), गुंजन पुत्री भूरा राठौर (11), अंजलि पत्नी सूरज राठौर (21) और मीना पत्नी रामकरण राठौर (45) घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:दतिया विधानसभा उपचुनाव: पीतांबरा माई के दरबार पहुंचे दिग्विजय सिंह, जनता से घनश्याम सिंह को जिताने की अपील की