बैंकॉक के पब में आधी रात को लगी भीषण आग, 27 लोगों की मौत और 63 घायल
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक बार में रविवार देर रात भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई और 63 घायल हो गए।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक बार में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 63 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की संभावित वजह बिजली प्रणाली में खराबी मानी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीम ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था और भारी नुकसान हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ क्षण पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। वहां मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि बिजली गुल होने के बाद तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही पलों में पूरा बार धुएं से भर गया। अफरा-तफरी के बीच कई लोग बचने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में चले गए। वहां धुएं के कारण उनका दम घुट गया।
यह बार बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित है और स्थानीय स्तर पर रोंग बीयर ना लाट फ्राओ के नाम से जाना जाता है। यह इलाका एक लोकप्रिय रेस्तरां और मनोरंजन स्थल के रूप में पहचाना जाता है। आग बुझने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में बॉडी बैग दिखाई दिए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया जबकि अंदर का फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जलकर काली पड़ गई थी। इमारत की छत के कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि छत पर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि आपातकालीन निकास के पास कुछ लोग बेहोश मिले थे। जिससे आशंका है कि बाहर निकलने का रास्ता किसी कारण से बाधित था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
हादसे के दौरान कई स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। मोटरसाइकिल चालक सुरिन जाइहार्न ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उसने जलते हुए बार से करीब पांच लोगों को बाहर निकाला और उनके शरीर पर लगी आग कपड़ों से बुझाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई लोगों को अपनी आंखों के सामने मरते देखा और जिन लोगों की उन्होंने मदद की उनके हाल के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फायर ब्रिगेड को सूचना देने वाले एक ड्राइवर ने स्थानीय अखबार डेली न्यूज को बताया कि उसने दो लोगों को बचाने के लिए बार की खिड़कियां तोड़ दी थी।
थाईलैंड में इससे पहले भी आग की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। साल 2022 में बैंकॉक के दक्षिण में स्थित एक कस्बे के पब में आग लगने से 22 लोगों की जान गई थी। इससे पहले 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत हुई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं, 2024 में बैंकॉक के प्रसिद्ध चातुचक ओपन-एयर मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लगभग 1,000 जानवरों की मौत हो गई थी।




