भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार देर रात करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गोहद के छीमका गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार 8 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ट्रक चालक भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। ये सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे की शुरुआती जानकारी में 4 मजदूरों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में मारे गए लोगों में से 5 के शव गोहद और 3 के शव ग्वालियर में रखे गए हैं। पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार, पिकअप की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान है। छीमका गांव के पास हाईवे पर कुछ गायें सड़क पर बैठी थी। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के साथ आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि पिकअप में सवार मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान रात में छीमका गांव के पास यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद कुछ समय तक नेशनल हाईवे-719 पर यातायात प्रभावित रहा था। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। रात के समय तेज गति से चलने वाले वाहनों के सामने अचानक मवेशियों के आ जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इस मामले में भी तेज रफ्तार पिकअप के सामने अचानक गायें आने के बाद चालक के वाहन मोड़ने से ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।