पति को सामने बैठकर शराब पिलाएं पत्नियां, इससे लिमिट कम होगी, BJP मंत्री का अजीबोगरीब बयान

मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री ने नारायण सिंह कुशवाह ने महिलाओं से अपील है कि अपने हसबैंड के सामने बैठकर पिलाएं। उनका तर्क है कि इससे पीने का लिमिट कम होगा और धीरे-धीरे शराब छूट जाएगा।

Updated: Jun 28, 2024, 06:13 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अजीबोगरीब बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं बाहर शराब पीने वाले अपने पतियों से कहें कि वे शराब घर लाकर पिएं। महिलाएं सामने बैठकर पतियों को पिलाएं। मंत्री कुशवाह का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भोपाल में शुक्रवार को एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नशामुक्ति का नुस्खा बताते हुए यह अजीबोगरीब बयान दिया। उन्होंने कहा, 'माताएं-बहनें चाहें कि मेरा पति दारू न पिएं, पहले तो उसे बताएं कि आप बाजार में मत पिओ, आप तो ले आओ, मेरे सामने पिओ। सामने पिएंगे तो उनकी लिमिट कम होती जाएगी। धीरे-धीरे वो बंद की कगार पर आ जाएगी।' 

कुशवाह ने तर्क देते हुए कहा कि ऐसा करने से शराबी पति को शर्म आएगी कि मैं अपनी पत्नी और बच्चों के सामने शराब पी रहा हूं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि उसे बताएं कि तुम्हारे भी बच्चे आगे शराब पिएंगे। ऐसा कहने पर उसकी शराब बंद हो जाएगी, ये बिल्कुल प्रेक्टिकल है।

मंत्री कुशवाह ने ने कहा कि शराब पीने वालों को महिलाएं बेलन भी दिखाएं। उन्हें खाना बनाकर मत दो। सामाजिक संस्कारों के कारण कई लोग ऐसा नहीं कर पाते, लेकिन गलत काम रोकने के लिए संस्कार आड़े नहीं आना चाहिए। महिलाएं कम्युनिटी बनाएं। बेलन गैंग बनाएं।

मंत्री कुशवाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। उसमें नशे से मुक्ति दिलाना बहुत जरूरी है। स्वस्थ्य भारत तभी होगा, जब यहां रहने वाला व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ्य होगा।