पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाकर इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस इस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
चुनाव के नतीजों के आने के बाद से अब तक बंगाल में यह पांचवीं मौत है। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के 4 कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। साथ ही बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के ऑफिस को भी निशाना बनाया गया था। भीड़ ने बुलडोजर की मदद से ऑफिस को गिरा दिया और आसपास की कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की।