मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा में एक बार फिर चूक का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान के घर में एक संदिग्ध शख्स घुस गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 मई की है। इसका खुलासा गुरुवार को हुआ।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 23 साल के आरोपी का नाम जीतेंद्र कुमार है और छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। विगत दो दिनों में सलमान के घर में घुसपैठ की कोशिश की दो घटनाएं सामने आ चुकी है। बीती रात ईशा छाबड़ा नाम की महिला ने भी गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश की थी। इसे भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया था। दोनों मामलों की जांच जारी है।
सलमान की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी संदीप नारायण की शिकायत पर बांद्रा पुलिस ने FIR दर्ज की है। संदीप ने बताया कि 20 मई की सुबह 09:45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति को गैलेक्सी अपार्टमेंट बिल्डिंग के आसपास घूमते देखा गया। मैंने उसे समझाया और उसे चले जाने को कहा। इस पर आरोपी ने अपना मोबाइल फोन जमीन पर फेंककर तोड़ दिया।
संदीप ने कहा कि वह शख्स शाम करीब 7:15 बजे फिर गैलेक्सी अपार्टमेंट के मुख्य द्वार पर वापस आया और इमारत में रहने वाले एक व्यक्ति की कार से गेट के अंदर प्रवेश कर गया। मौके पर मौजूद पुलिस कॉन्स्टेबल सुर्वे, महेत्रे, पवार और सुरक्षा गार्ड कमलेश मिश्रा ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया।
बता दें कि साल 2023 में लॉरेंस गैंग से धमकी मिलने के बाद ही सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। 11 जवान हर समय सलमान के साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं। सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है।
गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग के बाद जनवरी में सलमान के अपार्टमेंट की बालकनी बुलेटप्रूफ कर दी गई है। साथ ही हाई रेजोल्यूशन कैमरे भी चारों तरफ लगाए गए हैं। 14 अप्रैल 2024 को सलमान के घर फायरिंग हुई थी। उसके ठीक एक साल बाद पिछले महीने 14 अप्रैल 2025 को सलमान को फिर एक बार जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई के वर्ली स्थित ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में अज्ञात शख्स ने वॉट्सएप मैसेज कर सलमान की कार को बम से उड़ाने की बात कही थी।